Breaking News

gurugram news पर्यावरण संरक्षण के लिए जल बचाने का संदेश

Gurugram news गुरुग्राम(6 मार्च 2023)  एसजीटी विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को ‘राधा-कृष्ण संग फूलों की होली’ समारोह का पर्यावरण संरक्षण के लिए जल बचाने का संदेश देते हुए आयोजन किया गया। इस समारोह में पूरे देश की लोक-संस्कृति की झलक एक मंच पर देखने को मिली। गुजराती, हरियाणवी, मिजोरम, राजस्थानी, दक्षिण भारतीय, बॉलीवुड तथा ब्रज की होली पर नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ ही विश्वविद्यालय का पूरा परिसर होली के रंगों से सराबोर हो गया। यहाँ की होली का रंग थोड़ा अलग जरूर था और वह रंग था फूलों की होली का। फूलों की होली पर्यावरण संरक्षण के लिए जल बचाने का संदेश देती है।

समारोह में एसजीटी विश्वविद्यालय के चांसलर पद्मश्री रामबहादुर राय, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, दशमेश एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरपर्सन मधुप्रीत कौर चावला, मैनेजिंग ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला, संरचना फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक अमोघ देव राय तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

समारोह का शुभारंभ वेलकम डांस- ‘ब्रजे बसंतम् नवनीत चौरम्’ से शुरू हुआ। ‘होली आई रे’ गाने के बोल पर जब छात्र-छात्राओं ने गुजराती नृत्य गरबा करना शुरू किया तो पूरा पांडाल होली के रंगों से रंग गया। लोक नृत्य बिहू की प्रस्तुति से असम की मिट्टी की सोंधी सुगंध से पूरा माहौल सराबोर हो गया। ‘होलिया में उड़े रे गुलाल…’ राजस्थानी पारंपरिक नृत्य पर तो वहाँ उपस्थित सभी लोग होली के रंग में इस तरह रंगे कि वे इस नृत्य पर झूमते हुए नृत्य करने लगे। समारोह में हास्य पर आधारित कॉमेडी- ‘सबसे बड़ा मूर्ख’ को लोगों ने काफी सराहा। लोकनृत्य बैंबू डांस में मिजोरम की लोक-परम्परा की झलक देखने को मिली।

समारोह के अन्य आकर्षण रहे- दक्षिण भारतीय लोक नृत्य और ब्रज की होली पर आधारित नृत्य। छात्र-छात्राओं ने अपने नृत्य के माध्यम से राधा-कृष्ण की लीलाओं को मंच पर प्रस्तुत किया। महाराष्ट्र के कोली स्टाइल होली नृत्य का दर्शकों ने खूब आनंद उठाया। हरियाणा के कोरड़ा होली लोक नृत्य ने इस राज्य की संस्कृति से दर्शकों का परिचय कराया।

होली समारोह तमाम छात्र-छात्राओं तथा अध्यापकों की कड़ी मेहनत का परिणाम रहा। यह पूरा समारोह चेयरपर्सन मधुप्रीत कौर चावला के निर्देशन में तैयार किया गया और तैयारियों में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. विजय शर्मा की भी बड़ी भूमिका रही। समारोह में एसजीटी विश्वविद्यालय के अधिकारियों समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

#sgtuniversity #holimilan #sanrachnafoundation #oppositionnews

About The Author

आज़ाद ख़ालिद टीवी जर्नलिस्ट हैं, सहारा समय, इंडिया टीवी, वॉयस ऑफ इंडिया, इंडिया न्यूज़ सहित कई नेश्नल न्यूज़ चैनलों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। Read more

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *