नई दिल्ली (30 नवंबर2015)-थल सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) जनरल दलबीर सिंह सुहाग, 30 नवंबर से 03 दिसंबर, 2015 के बीच चार दिन की सद्भावना यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के मद्देनजर उनकी यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। हाल के वर्षों में भारत-श्रीलंका के संबंध दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय आदान-प्रदान से परिलक्षित हुए हैं।
हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) के देशों में श्रीलंका सबसे महत्वपूर्ण साझेदार और सबसे अहम पड़ोसियों में से एक है। दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग द्विपक्षीय सामरिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण घटक है। पिछले साल भर में विभिन्न स्तरों पर द्विपक्षीय आदान-प्रदान के साथ विकास सहायता परियोजनाओं, व्यापार और रक्षा सहयोग बढ़ाने में उल्लेखनीय प्रगति हुई, जो दोनों देशों के मित्रवत संबंधों को और मजबूत बनाने में मददगार साबित हुई। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आपसी प्रशिक्षण अभ्यास, कार्यात्मक स्तर पर आदान-प्रदान, समुद्री सुरक्षा और मानवीय सहायता के क्षेत्र में सहयोग से चिन्हित किया जा सकता है।